शहर के जालोरी गेट इलाके में मेडिकल मार्केट के पास एक सरस केबिन हटाने को लेकर सोमवार सुबह विवाद हो गया। नगर निगम के कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद के दौरान हेलमेट पहने एक व्यक्ति ने निगम अधिकारी पर पेट्रोल छिड़क दिया। जालोरी गेट मेडिकल मार्केट के पास एक सरस केबिन पिछले लंबे समय से यही संचालित हो रहा है। निगम कर्मचारियों के अनुसार केबिन संचालक उसकी रसीद नहीं कटवा रहा है और आला अधिकारियों के निर्देश के बाद उनकी टीम केबिन को हटाने के लिए यहां पहुंची। लेकिन सरस केबिन के संचालक और स्थानीय लोगों से उनका विवाद हो गया। विवाद नोकझोंक तक पहुंच गया। निगम के कर्मचारियों का आरोप है कि भीड़ में से एक व्यक्ति हेलमेट पहने हुए आया और उसने निगम के राजस्व निरीक्षक रणवीर देथा पर पेट्रोल छिड़क दिया। उसके बाद उन्हें सेफ जगह ले जाया गया। सूचना पर पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार निगम कर्मचारी अपनी हठधर्मिता पर अड़े हैं। उन्हें ना तो किसी तरह का नोटिस दिया गया और ना ही पूर्व सूचना दी गई। केबिन संचालक का कहना है कि उसके पास रोजगार का महज एक ही साधन है और उसे ही निगम के कर्मचारी हटाना चाहते हैं।