सूर्यनगरी के भीतरी शहर को क्लीन सिटी के साथ अब ग्रीन सिटी बनाने का बीड़ा शहर के कुछ युवाओं ने उठाया है। राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर हमेशा पर्यटकों को आकर्षित करती रही है। अगर भीतरी शहर की बात करें तो अब युवाओं ने क्लीन सिटी के साथ ही ग्रीन सिटी अभियान का भी आगाज कर दिया है। त्रिपोलिया बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष दीपक सोनी ने बताया कि पर्यावरण प्रेमी प्रमोद धानदिया के विशेष सहयोग से शहर में अब चरणबद्ध तरीके से ग्रीन सिटी कैंपेन चलाया जाएगा। पहले चरण में भीतरी शहर के नवचौकिया क्षेत्र के रावतों की गली से अभियान का आगाज किया गया। यहां क्षेत्रवासियों के विशेष सहयोग से उनके घरों के बाहर आकर्षक फूलों और पौधों के गमलों को रखा गया और घर के मालिकों ने उन्हें गोद लिया। शुरुआत में 300 से अधिक गमलों को भीतरी शहर के विभिन्न घरों और मोहल्लों के बाहर लगाया गया है। धीरे-धीरे इस अभियान को और आगे बढ़ाया जाएगा।