शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में पेट्रोल पंप और ट्रांसपोर्ट कर्मचारियों के बीच हुए विवाद में झगड़ा हुआ। पेट्रोल पंप के आधा दर्जन कर्मचारियों ने ट्रांसपोर्ट कार्यालय मेें घुसकर तोडफोड़ की और कर्मचारियों से मारपीट कर डाली। जिससे दो तीन लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रांसपोर्ट कार्मिक ने इस बारे में केस दर्ज करवाया गया है। इसमें रूपए भी उठाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। बासनी पुलिस ने बताया कि रामेश्वरनगर डी सेक्टर निवासी विजयसिंह पुत्र मानसिंह राजपुरोहित की तरफ से केस दर्ज करवाया गया। इसमें बताया कि वह बासनी औद्योगिक क्षेत्र ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा के पास अपना ट्रांसपोर्ट कार्यालय चला रहा है। पास में ही पेट्रोल पंप भी चलता है। बुधवार को पंप कर्मचारी हाथों में डंडे, बैसबॉल के बल्ले लेकर कार्यालय में घुसे और तोडफोड़ की। बीच बचाव करने पर कर्मचारियों से मारपीट की। जिससे दो तीन कर्मचारी जख्मी हो गए। आरोप है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारी वहां से रूपए भी ले गए। बासनी पुलिस ने आरंभिक पड़ताल में बताया कि इनमें किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। अब जांच प्रोबेशनर एसआई लक्ष्मी को सौंपी गई है।