लूणी के ग्राम पंचायत डोली में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा का स्वागत किया गया। जन आक्रोश यात्रा रथ का लूणी के पूर्व विधायक जोगाराम पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा पूजन कर रथ का स्वागत किया गया। वही रथ के स्वागत के दौरान ढोल थाली पर लूणी के पूर्व विधायक जोगाराम पटेल स्वंय को झूमने से नहीं रोक पाये। महिलाओं ने मंगल गान किया युवतियों ने कलश यात्रा के साथ जनाक्रोश यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान जोगाराम पटेल ने अपने सम्बोधन में राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे है, वहीं किसानों को खाद नहीं मिल रही है, मजबूरन किसानों को खाद दो से तीन गुणा महंगा खरीदना पड़ रहा है। किसानों को पर्याप्त विद्युत नहीं मिल रही है, जिससे किसानों को सर्द रातों में खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है।