राजस्थान सरकार में 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ चंद्रभान रविवार को जोधपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि आज देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। देश में फैली नफरत और सामाजिक दूरियों को मिटाने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में शानदार यात्रा निकल रही है। बीसूका उपाध्यक्ष डॉ चंद्रभान ने कहा की भारत जोड़ो यात्रा को राजनीति की दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। इस यात्रा से पूरे देश को और समाज को फायदा होगा। क्योंकि आज देश में नफरत का माहौल है। भारत जोड़ो यात्रा राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने देश में धर्म के नाम पर नफरत फैलाई है। इसे खत्म करने के लिए और हमारे संविधान में कहा गया भारत धर्मनिरपेक्ष देश है। उस देश को एकता में जोड़ने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। राजस्थान सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को लेकर कहा कि इस समय 29 योजनाएं चल रही है जिसका लाभ पूरे प्रदेश में लोगों को मिल रहा है। चुनी हुई सरकार जनहित के लिए बनती है। लाभ के लिए चुनी हुई सरकार आम आदमी के लाभ के लिए काम करती है। आम आदमी की समस्या को ध्यान में रखते हुए फ्लैगशिप योजनाएं बनाई जाती है और उसे लागू किया जाता है। इसलिए इस योजना के लिए विपक्ष को भी इसमें सहयोग कर इसका प्रचार प्रसार करना चाहिए। डॉ चंद्रभान ने कहा कि गहलोत सरकार की फ्लैगशिप योजना राज्य की ध्वजवाहक योजना है। इसे आम आदमी को ध्यान में रखकर लागू किया गया है।