राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का गुरूवार को राजस्थान में चौथा दिन था। यहां जन सैलाब उमड़ा। भारत जोड़ो यात्रा सुबह सवा छह बजे कोटा के सूर्यमुखी हनुमान मंदिर से रवाना हुई। राहुल गांधी ने छह घंटे में 23 किलोमीटर का सफर तय किया। 9 दिसम्बर यानि शुक्रवार को यात्रा का ब्रेक रहेगा। अब 10 दिसम्बर से ये यात्रा बूंदी से शुरू होगी। गुरूवार को भारत जोड़ो यात्रा में भारी भीड़ उमड़ने से कई बार भगदड़ की स्थिति बन गई। वहीं यात्रा के दौरान उस समय हड़कम्प मच गया जब एक युवक ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए राहुल गांधी के नजदीक पहुंच कर खुद को आग लगा दी। वहां तैनात पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आग बुझा दी। बाद में युवक को अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी राहुल गांधी के साथ चल रहे थे। राहुल गांधी गुरूवार को यात्रा समाप्त करने के बाद कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे। सोनिया गांधी चार दिन की राजस्थन यात्रा पर गुरूवार को जयपुर पहुंची। वे जयपुर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से सीधा रणथम्भौर पहुंची। शुक्रवार को सोनिया गांधी का जन्मदिन भी है। ऐसे में राहुल गांधी उनके साथ जन्मदिन में शामिल हांगे। वे गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणाम के बारे में भी चर्चा करेंगे।