कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में जोरदार स्वागत किया जायेगा। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता शामिल होंगे। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस की तैयारियां युद्ध स्तर चल रही हैं। इस यात्रा में शामिल होने वाले पदयात्रियों की सूची भी लगभग तय हो गई है। यात्रा में प्रत्येक दिन शामिल होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम विधानसभा वार तय किये जा रहे हैं। यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में जोधपुर के जिला प्रभारी मंत्री डॉ सुभाष गर्ग ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में विधायकों और कांग्रेस नेताओं की बैठक ली। इस बैठक में जोधपुर शहर विधायक मनीषा पंवार, बिलाड़ा विधायक हीराराम मेघवाल, लूणी विधायक महेन्द्र विश्नोई, लोहावट विधायक किसनाराम विश्नोई सहित कांग्रेस नेता शामिल हुए। इस यात्रा में शामिल होने के लिये बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया है। इन नामों पर पीसीसी की मुहर लगने के बाद ही कांग्रेस कार्यकर्ता इस पदयात्रा में शामिल हो सकेंगे। इसमें प्रदेश के हर जिले की भागीदारी रखने के लिये कांग्रेस नेता साथ रहेंगे। राहुल गांधी की ये पदयात्रा प्रदेश में 520 किलोमीटर की रहेगी। जो 15 दिन तक सात जिलों से होकर गुजरेगी।