दो दिन पहले विवेक विहार थाना क्षेत्र में सीवरेज मैनहॉल में मिले अज्ञात महिला के शव की शिनाख्तगी के प्रयास जारी हैं। शव की शिनाख्त होने के बाद ही हत्या की गुत्थी सुलझ सकेगी। विवेक विहार क्षेत्र में पिछले छ सालों से पांच लोगों के शव मिल चुके हैं। इनमें से चार जनों की हत्या की गई थी और हत्या के मामले दर्ज हो चुके हैं। वहीं महिला कंकाल सहित दो शवों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। यहां मंगलवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव सीवरेज के मैनहोल में मिला था। सूचना मिलने पर विवेक विहार थाना पुलिस और पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि विवेक विहार इलाके में एक गाय मूर्छित अवस्था में मिली थी। जिसे खड़ी करने के लिए कुछ लोग वहां पहुंचे लेकिन तब तक गाय मर चुकी थी। इन लोगों को यहां तेज बदबू आ रही थी। इस पर सीवरेज लाइन मेनहोल खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव पड़ा था। इसकी सूचना विवेक विहार थाना पुलिस को दी गई। एसीपी बोरानाडा जयप्रकाश अटल के साथ थाने का जाब्ता मौके पर पहुंचा। एफएसएल की टीम ने मौके सबूत जुटाए। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में जिन-जिन थानों में गुमशुदगी दर्ज है। उन तमाम थाना पुलिस को भी इस सम्बंध में इतिला दे दी गई। फिलहाल पुलिस शव की पहचान में जुटी है और उसके बाद अनुसंधान किया जाएगा कि आखिर इस महिला के साथ क्या अनहोनी हुई थी। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि महिला की हत्या कर शव मेनहॉल में डाला गया।