विवेक विहार क्षेत्र में बीते दिनों सीवरेज के मैनहॉल में मिले महिला के क्षति विक्षत शव की एक सप्ताह बाद भी कोई पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने प्रदेश में गुमशुदा करीब 200 महिलाओं के परिजनों को शव की शिनाख्तगी के लिये दिखा दिया है। लेकिन अब तक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इससे महिला की हत्या की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि 22 नवम्बर को महिला का शव उस समय सीवरेज के मैनहॉल में मिला था, जब पास में ही एक गाय के गड्डे में गिरने के बाद उसे बाहर निकालने पहुंचे लोगों को यहां दुर्गंध आई। इस पर इन लोगों ने जब सीवरेज के मैनहॉल में देखा तो यहां महिला का क्षत विक्षत शव दिखा। इस पर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला के शव को बाहर निकाल कर उसकी शिनाख्त के लिये मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद पुलिस मिसिंग महिलाओं के परिजनों को शव दिखा रही है। लेकिन अब तक किसी ने भी शव की शिनाख्त नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पहले महिला के शव की शिनाख्त हो जाये उसके बाद जांच आगे बढ़ेगी।