मुख्यमंत्री ने दैनिक जलतेदीप द्वारा संस्थापित ‘माणक अलंकरण समारोह में शिरकत की। उन्होंने वर्ष 2019, 2020 व 2021 के लिए ‘माणक अलंकरण’ व विशिष्ट पुरस्कार के लिए पूर्व में चयनित 18 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। उन्होंने अलंकरण प्राप्त सभी सम्मानितों को बधाई दी और कहा कि इन्होंने अपनी लेखनी व विचारों से समाज को देने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार संगीता शर्मा, कानाराम मुंडियार और नंदकिशोर सारस्वत को माणक अलंकरण प्रदान किया। वहीं अन्य वर्गों में वर्ष 2019 के लिए डॉ. कुंजन आचार्य, अर्जुनसिंह राठौड़, मुरारी गुप्ता, शेरूद्दीन व डॉ. चांदकौर जोशी को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2020 के लिए भानुप्रतापसिंह गुर्जर, जयकुमार भाटी, अदिति नागर, मुकेश मांडण, किरण राजपुरोहित ‘नितिला’ एवं वर्ष 2021 के लिए हरिओमसिंह गुर्जर, मस्तान सिंह, चंद्रशेखर व्यास, गोपेन्द्रनाथ भट्ट व डॉ. कृष्णा आचार्य को विशिष्ट पुरस्कार की अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक जैनाचार्य लोकेश मुनि ने की। विशिष्ट अतिथि तकनीकी शिक्षा एवं जोधपुर जिला प्रभारी मंत्री सुभाष गर्ग, राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड अध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी, रीको के स्वतंत्र निदेशक सुनील परिहार, विधायक मनीषा पंवार और महापौर कुंती परिहार थीं।