शहर के सूरसागर स्थित कबीर नगर में आपसी रंजिश के चलते पड़ौसी युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला किया। उसके पेट में चाकू का वार लगने से युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एमडीएमएच में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने हत्या प्रयास के प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सूरसागर थाने के एएसआई स्वरूप सिंह ने बताया कि कबीर नगर गली नंबर 4 महादेव कॉलोनी निवासी विशाल जोशी और इरफान के बीच में पुरानी रंजिश चल रही है। दोनों पड़ौसी हैं। इरफान ने गली में ही विशाल जोशी पर चाकू से हमला किया जिससे विशाल घायल हो गया। उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विशाल की माता प्रेम जोशी की तरफ से हत्या प्रयास में केस दर्ज करवाया गया। आरोपी इरफान पुत्र फतेह मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया।