25.6 C
Jodhpur
Saturday, February 15, 2025

[google-translator]

Channel 24+ News Cover PageChannel 24+ News Cover PageChannel 24+ News Cover PageChannel 24+ News Cover Page

रावण दहन के लिए रामजी की सवारी हुई रवाना

जोधपुर। शहर के कई इलाकों में आज शाम गोधूलि वेला में भव्य स्तर पर रावण दहन किया जाएगा। नगर निगम उत्तर व दक्षिण की ओर से संयुक्त रूप से रावण का चबूतरा मैदान पर दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। रावण दहन के बाद आकर्षक आतिशबाजी की जाएगी। रावण दहन के लिए दोपहर में गाजे-बाजे के साथ रामजी की सवारी निकाली गई जो मेहरानगढ़ में पूजा अर्चना के बाद रवाना हुई।
मेहरानगढ़ में मां चामुंडा के नौ दिन तक चले आसोजी नवरात्रा के बाद बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयदशमी परम्परानुसार आज मनाया गया। दशहरा पर यहां सुबह से ही विभिन्न कार्यक्रम शुरू हो गए। इसमें मुरली मनोहर मन्दिर में हाथी, अश्व, शस्त्र एवं शमी (खेजड़ी) की विधिवत पूजा पूर्व नरेश गजसिंह द्वारा की गई। तत्पश्चात मेहरानगढ़ में दशहरा दरबार लगाया गया जिसमें मारवाड़ रियासत के जागीरदार, ठाकुर अपनी पारम्परिक वेशभूषा में पहुंचे। साथ ही प्रशासन की ओर से प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे। मुरली मनोहर मन्दिर में भगवान रामचन्द्र की सवारी का पूजन गजसिंह और जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। तत्पश्चात रामचन्द्र की तस्वीर को खासे में विराजमान किया गया और लवाजमें के साथ मन्दिर से बाहर प्रशासन की तरफ से पूजन के लिए रखा गया। भगवान की पूजा-अर्चना के बाद सवारी बैंड बाजे, शहनाई, लवाजमे के साथ रवाना हुई। फतेहपोल से बाहर सवारी की अगवानी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की गई एवं प्रतिमा को रथ में बैठाया गया। यहां से भगवान रामजी की सवारी विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम को रावण का चबूतरा मैदान पहुंचेगी। यहां गोधूलि वेला में मुख्य अतिथि रिमोट से तीर चलाकर रावण दहन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व नरेश गजसिंह सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगेे। रावण के साथ ही मेघनाद, कुंभकर्ण, शूर्पणखा और ताडक़ा के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। इसके बाद भव्य आतिशबाजी होगी। रावण का चबूतरा मैदान से विजय जुलूस के वापस मेहरानगढ़ दुर्ग पहुंचने पर भगवान श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा। निगम की तरफ से इन पुतलों को लेकर कई बड़े-बड़े दावे किए गए है। निगम आयुक्त उत्तर अतुल प्रकाश व दक्षिण आयुक्त उत्सव कौशल ने बताया कि रावण का चबूतरा मैदान में 62 फीट ऊंचे रावण और उसके परिजनों के पुतलों का गोधुलि वेला में दहन किया जाएगा। इस बार रावण के पुतले को धोती, जोधपुरी अचकन, सिल्क की धोती और जूतियां पहनाई गई हैं। साथ ही मेघनाद, कुंभकर्ण, शूर्पणखा और ताडका के पुतले भी बनाए गए हैं। इस बार रावण की नाभि में अग्नि बाण लगते ही हाथ में थामी चकरी घूमेगी और रावण के मुंह एवं आंखों से अंगारे बरसेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार पहले रावण के परिजनों के पुतलों का दहन किया जाएगा और उसके बाद रावण दहन होगा।
यातायात व्यवस्था में बदलाव
दशहरा महोत्सव को देखते हुए रावण का चबूतरा मैदान के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस उपायुक्त यातायात राजेश कुमार ने बताया कि जोधपुर महानगर में दशहरा के त्योहार पर भगवान श्रीरामचन्द्रजी की सवारी मेहरानगढ़ फतेहपोल से रवाना होकर आड़ा बाजार, एकमीनार मस्जिद, कुमारिया कुआं, जालोरी गेट, शनिश्चरजी का थान, 5वीं रोड़ होते हुए 12वीं रोड़ चौराहा से रावण का चबूतरा गेट न. 01 पहुंचेगी। सूर्यास्त के समय रावण के चबूतरा पर रावण दहन कार्यक्रम के बाद भगवान श्रीरामचन्द्रजी की सवारी का रथ वापस मेहरानगढ़ जाएगा। तब तक यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी। इस दौरान फतहपोल से जालोरी गेट में वाहन नहीं जा सकेंगे। श्रीरामचन्द्र जी की सवारी निकलने तक फतेहपोल से जालोरी गेट मुख्य सडक़ पर अन्य वाहनों का आवगमन बन्द रहेगा। इस दौरान आमजन साइड के मार्गों का उपयोग कर सकेगें। शाम को रावण दहन तक जालोरी गेट से 12वीं रोड़ तक सामान्य यातायात बन्द रहेगा। इस दौरान सामान्य यातायात वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। दोपहर से रावण दहन तक रावण का चबूतरा व बरकतुल्लाह खां स्टेडियम के चारों और भारी वाहनों का आवागमन बन्द रहेगा।
यहां भी होगा रावण दहन
रावण का चबूतरा मैदान के अलावा भी शहर में कई स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। चैनपुरा मगरा पूंजला स्थित रामतलाई की नाडी, कुड़ी भगतासनी व चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 16 स्थित दशहरा मैदान में मुख्य आयोजन होंगे। इनके अलावा हर गली-मोहल्ले में लंकाधिपति रावण के पुतले जलाए जाएंगे। इस बार हर स्थान पर कुछ ना कुछ नया देखने को मिल रहा है। श्री नारायण सेवा समिति का दशहरा महोत्सव चैनपुरा मगरा पूंजला स्थित रामतलाई की नाडी में आयोजित किया जाएगा। यहां के रावण के पुतले के साथ कुंभकरण, मेघनाथ, सुपर्णखा व ताडक़ा के पुतलों का दहन होगा। नन्दन मयूर सेवा समिति के तत्वावधान में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 16 स्थित दशहरा मैदान में दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। इस बार 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन के बाद मेला परिसर में आकर्षक आतिशबाजी होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमलेश पुरोहित करेंगे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

200,112FansLike
46,876FollowersFollow
40,188SubscribersSubscribe
- Advertisement -

Latest Articles