शहर के निकटवर्ती बोरानाडा स्थित झंवर रोड पर आए एक गोदाम की दीवार फांद कर नकबजन लाखों का तांबा और पीतल का स्क्रेप चोरी कर ले गए। गोदाम से तकरीबन 500 किलो तांबा और पीतल चोरी होना बताया गया है। सीसीटीवी फुटेज में नकबजन नजर आए हैं। जिस आधार पर पुलिस अब जांच कर रही है। वहां एक चार पहिया वाहन के निशान के भी मिले हैं। बोरानाडा पुलिस ने बताया कि घटना में बिलाड़ा निवासी प्रशांत पुत्र चंपालाल नेणीवाल ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसका झंवर रोड पर एक गोदाम आया है। जहां पर तांबा और पीतल का भंगार या स्क्रेप रखा हुआ है। गुजरी रात में अज्ञात चोर गोदाम की दीवार फांद कर घुसे और अंदर से दरवाजा खोल कर तांबे का तकरीबन 250 किलो और पीतल का 220 किलो स्क्रेप चोरी कर ले गए। गोदाम में लगी सीसीटीवी फुटेज में नकबजन दिख रहे हैं। गेट के आगे एक गाड़ी नजर आई है, साथ ही उसके पहियों के निशान भी हैं। चोरों की संख्या दो से तीन है। बोरानाडा पुलिस ने घटना में जांच पड़ताल आरंभ की है।