शौर्य चक्र विजेता कर्नल संग्राम सिंह भाटी की स्मृतियों को चिर स्थाई बनाये रखने के लिये गौरव पथ पर उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। मंगलवार को आयोजित समारोह में प्रतिमा का अनावरण किया गया। —- जोधपुर के ओसियां के टापू के रहने वाले कर्नल संग्राम सिंह भाटी का 19 अक्टूबर 2018 में बीमारी से निधन हो गया था। उन्होंने सन 1997/98 में ऑपरेशन रक्षक के 20 कमांडो के साथ 6 आतंकियों को मार गिराया था। इसके अलावा लश्कर के आतंकी कैंप में जेहादी बनकर विशेष ऑपरेशन को अंजाम दिया था। कर्नल भाटी पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक करने वाली टीम का भी हिस्सा रहे। कार्यक्रम के दौरान कर्नल की मां भावुक हो गई। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की उपलब्धि पर उन्हें गर्व है और ऐसे बेटे हर मां को मिले। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश कपूर, राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह जसोल, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, महापौर विनीता सेठ और कर्नल भाटी की बेटियां गायत्री, नेतल और पत्नी पूजा मौजूद रही। —- सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने शौर्य चक्र विजेता कर्नल संग्राम सिंह भाटी की बहादुरी और शहादत को नमन करते हुए कहा कि, इस प्रतिमा के स्थापित होने से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।