सूर्यनगरी में मंगलवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। शहर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में लगातार सर्दी के बढ़ते असर के कारण तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के बाद तापमान में गिरावट दर्ज करने का अनुमान जताया था। इसके चलते शहर के न्यूनतम तापमान में एक ही दिन में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं शहर के अधिकतम तापमान में भी करीब एक डिग्री की गिरावट रही। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेश में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक उत्तरी हवाओं के चलने की उम्मीद जताई है। साथ ही इस बार सर्दी के सीजन में 45 दिन कड़ाके की ठंड का अनुमान जताया है। दिसम्बर माह से सर्दी अपने पीक पर रहेगी।