बोंबे विंड एण्ड सोलर पावर का संचालन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ दो और केस पुलिस में दर्ज हुए हैं। इनमें 4.67 लाख की ठगी का आरोप लगाया गया है। महामंदिर और मंडोर थाने में केस दर्ज हुआ है। आरोपी खांडा फलसा पुलिस की अभिरक्षा में है। उसे अन्य केस में प्रोडक्शन पर गिरफ्तार कर लाया गया है। उसके खिलाफ अब तक 30 से ज्यादा प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। मंडोर पुलिस ने बताया कि चेनपुरा मंडोर के रहने वाले रामेश्वर पुत्र तुलसीराम ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसने बोंबे सोलर एंड विंड पावर के संचालक धर्मेंद्र पंवार सहित अन्य से 30 दिसंबर 2020 को सोलर प्लांट के संबंध में बात की थी। तब तीन महिने में सोलर प्लांट लगाने को कहा गया। इस पर पीडित ने 1 लाख 47 हजार 740 रूपए दिए थे। मगर सोलर प्लांट नहीं लगाया। वहीं महामंदिर पुलिस ने बताया कि धर्म नारायण का हत्था ए में रहने वाले गोविंदसिंह चारण पुत्र हमीरसिंह ने भी धोखाधड़ी की रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि सोलर प्लांट लगाने के नाम पर उनसे 3.20 लाख रूपए ऐंठ लिए गए। मगर सोलर प्लांट नहीं लगाया गया। रूपए 22 जून 2021 को चेक के जरिए दिए थे। विदित रहे कि आरोपी धर्मेंद्र पंवार, उसकी पत्नी शालिनी पंवार, इंजीनियर मुकेश जांगिड़ सहित कई अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी के तीस से ज्यादा प्रकरण दर्ज हो गए हैं। आरोपी धर्मेँद्र को खांडा फलसा पुलिस गत दिनों दिल्ली से गिरफ्तार कर लाई थी। अब तक छह करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा हो चुका है।